सोशल संवाद/जमशेदपुर: दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया है। यह व्यवस्था 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। अलग-अलग तारीखों पर वाहनों की आवाजाही के लिए समय निर्धारित किया गया है। ऐसे में शहर में आने-जाने वाले वाहन चालकों को निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करना होगा।
यह भी पढे : चौका ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बलेनो कार, भाजपा युवा नेता आकाश महतो ने घायल चालक को पहुंचाया अस्पताल
15 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे से भारी वाहनों पर रोक
पंचमी पूजा के दिन यानी 15 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे से रात 1 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
16 से 20 अक्टूबर तक क्या रहेगा समय?
प्रशासन के निर्देश के अनुसार, 16 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 11:30 बजे तक भारी वाहनों को दोनों ओर से चलने की अनुमति होगी। सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
21 अक्टूबर को विसर्जन मार्गों पर प्रतिबंध
प्रतिमा विसर्जन के दिन 21 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से विसर्जन समाप्त होने तक निर्धारित विसर्जन मार्गों पर बसों सहित सभी भारी वाहनों और चारपहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
मरीन ड्राइव पर भी रहेगी पाबंदी
मरीन ड्राइव पर भी निर्धारित अवधि में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे पार्किंग पर रोक रहेगी। प्रशासन ने लोगों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। किसी संदिग्ध वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल 112 पर सूचना देने को कहा गया है।











