सोशल संवाद/डेस्क: भारतीय सिनेमा के लिए अच्छी खबर है। ऑस्कर Oscar 2027 की दौड़ में भारत की दो फिल्मों ‘गोंधल’ और ‘अंग’ ने जगह बनाई है। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की ओर से जारी योग्य फिल्मों की सूची में इन दोनों फिल्मों को शामिल किया गया है। हालांकि, अभी इन्हें ऑस्कर के लिए नॉमिनेशन नहीं मिला है। दोनों फिल्में अब शुरुआती वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेंगी।
यह भी पढे : Salman Khan Viral Video: क्या अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे सलमान खान? जानें सच्चाई
‘गोंधल’ में दिखेगी महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति
मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में जगह मिली है। इसकी कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में एक रात के दौरान होने वाली घटनाओं को दिखाया गया है। कहानी आधी रात को होने वाले पारंपरिक ‘गोंधल’ अनुष्ठान के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें संगीत, नृत्य, पौराणिक कथाओं और धार्मिक परंपराओं को शामिल किया गया है।
‘अंग’ ने टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में जीता था अवॉर्ड
भारत की दूसरी फिल्म ‘अंग’ के निर्माता थेजा रियो हैं। इस फिल्म ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीता था। इसी उपलब्धि के बाद इसे ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में विचार के लिए योग्य फिल्मों की सूची में जगह मिली।
अब शॉर्टलिस्ट और नॉमिनेशन का इंतजार
इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में इस बार कुल 104 फिल्मों को योग्य घोषित किया गया है। वहीं, डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म श्रेणी में 190 और एनिमेटेड फीचर फिल्म श्रेणी में 38 फिल्में शामिल हैं।
योग्य सूची में शामिल होने का मतलब ऑस्कर के लिए नामांकन मिलना नहीं है। अब शुरुआती वोटिंग के बाद शॉर्टलिस्ट जारी होगी और फिर अंतिम नॉमिनेशन तय किए जाएंगे। ऐसे में भारतीय दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि ‘गोंधल’ और ‘अंग’ अंतिम सूची तक पहुंच पाती हैं या नहीं।











