सोशल संवाद / रांची : झारखंड में पेंशनधारियों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के लाभुकों को अक्टूबर और नवंबर 2026 की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है. जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जिले के कुल 2,55,534 पेंशनधारियों के बैंक खातों में दोनों महीनों की पेंशन राशि भेजी गयी है. इसके लिए कुल 51 करोड़ 10 लाख 68 हजार रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गयी है.
यह भी पढे : DRDO Pralay Missile Test: 500 KM रेंज वाली प्रलय मिसाइल का सफल परीक्षण, जानें खासियत
2.55 लाख से अधिक लाभुकों को मिला पेंशन का लाभ
सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लाभुकों को पेंशन राशि का भुगतान किया गया है. इसमें अनगड़ा, बेड़ो, कांके, मांडर, सिल्ली, तमाड़ समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों के साथ शहरी क्षेत्रों के पेंशनधारी भी शामिल हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, इस योजना के तहत कुल 2,55,534 लाभुकों को अक्टूबर और नवंबर महीने की पेंशन राशि उपलब्ध करायी गयी है.
खाते में पेंशन नहीं आयी तो तुरंत कराएं आधार सीडिंग
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन पेंशनधारियों के बैंक खाते में अभी तक अक्टूबर और नवंबर महीने की पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है. आधार सीडिंग पूरी होने से DBT के माध्यम से पेंशन राशि के भुगतान में आने वाली समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी. जिला प्रशासन की ओर से पेंशन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभुकों तक समय पर योजना का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है. प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य लाभुक सामाजिक सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे.











