सोशल संवाद/डेस्क: UPI से भुगतान करने वाले ग्राहकों और कारोबारियों के लिए अहम खबर है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने चुनिंदा UPI मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू करने की तारीख टाल दी है। यह व्यवस्था पहले 15 अक्टूबर 2026 से लागू होनी थी, लेकिन अब इसे दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
यह भी पढे : SBI का अलर्ट: खाते में अचानक पैसे आएं तो रहें सावधान, एक गलती से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
क्यों टाली गई UPI शुल्क लागू करने की तारीख?
NPCI के UPI एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने 13 अक्टूबर को यह फैसला लिया। इसके पीछे त्योहारी सीजन को ध्यान में रखना बताया गया है। इस दौरान बाजारों में खरीदारी और डिजिटल भुगतान बढ़ जाते हैं। कारोबारी संगठनों ने भी नए शुल्क को लागू करने की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी।
किन UPI ट्रांजैक्शन पर लगेगा MDR?
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत चुनिंदा मर्चेंट यानी दुकानदारों और कारोबारियों को किए जाने वाले ₹2,000 से अधिक के UPI भुगतान पर MDR लागू होगा। सामान्य पात्र मर्चेंट ट्रांजैक्शन के लिए प्रस्तावित दर 0.4% है, जबकि कुछ निर्धारित श्रेणियों में अलग शुल्क व्यवस्था है। ₹75,000 या उससे अधिक के पात्र ट्रांजैक्शन पर MDR की अधिकतम सीमा ₹300 बताई गई है।
क्या आम लोगों को UPI पेमेंट पर देना होगा चार्ज?
नहीं, प्रस्तावित MDR दुकानदारों और भुगतान व्यवस्था से जुड़े कारोबारियों पर लागू होने वाला शुल्क है। NPCI और सरकार की जानकारी के अनुसार, व्यक्ति से व्यक्ति के बीच होने वाले UPI ट्रांजैक्शन पहले की तरह मुफ्त रहेंगे। ₹2,000 तक के मर्चेंट भुगतान और निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले छोटे कारोबारियों के भुगतान भी इस शुल्क से बाहर रहेंगे।
दुकानदारों पर क्या होगा असर?
MDR डिजिटल भुगतान को प्रोसेस करने वाले बैंक और भुगतान सेवा प्रदाताओं को दिया जाने वाला शुल्क है। नई व्यवस्था चुनिंदा बड़े मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर लागू होगी। इसका उद्देश्य डिजिटल पेमेंट सिस्टम के संचालन से जुड़ी लागत को पूरा करने में मदद करना है। हालांकि, इसके लागू होने की सटीक तारीख और संबंधित नियमों के लिए NPCI की अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।
अब कब लागू होगा नया नियम?
NPCI ने फिलहाल नई तारीख तय करके सार्वजनिक नहीं की है। इतना स्पष्ट किया गया है कि चुनिंदा मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर MDR दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। इसलिए 15 अक्टूबर से इसकी शुरुआत नहीं होगी। ग्राहकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि MDR का मतलब सभी UPI भुगतान पर शुल्क लगना नहीं है।











