सोशल संवाद / जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में शनिवार को मरीज की छुट्टी के दौरान आयुष्मान भारत योजना की प्रक्रिया में देरी होने पर परिजनों ने हंगामा किया। बाद में सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, कपाली थाना क्षेत्र के गौसनगर निवासी एक मरीज की आंख का ऑपरेशन हुआ था। चिकित्सक ने शनिवार सुबह मरीज को छुट्टी दे दी थी। मरीज आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती हुआ था। छुट्टी के बाद आयुष्मान योजना से संबंधित कागजात तैयार होने थे।

यह भी पढ़े : शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट कार्य के लिए दिलीप कुमार महतो सम्मानित
आयुष्मान भारत योजना का काम देखने वाली एकमात्र महिला कर्मचारी समय पर छुट्टी की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकीं। सुबह से शाम पांच बजे तक इंतजार करने के बाद परिजन परेशान हो गए और हंगामा करने लगे। मामला बढ़ता देख अस्पताल कर्मचारियों ने सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और मामला शांत कराया।









