सोशल संवाद / जमशेदपुर: छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में एकता, अखंडता, अनुशासन, सहयोग और देशभक्ति की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कई ज्ञानवर्धक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यह भी पढे : Diwali 2026: त्योहार से पहले महंगाई का झटका, चीनी-बेसन से लेकर पिस्ता तक महंगे
कार्यक्रम की शुरुआत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करने और राष्ट्रीय एकता की शपथ लेने के साथ हुई। विद्यार्थियों ने अपने निजी हितों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और देशभक्ति को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने भाषण, ड्राइंग प्रतियोगिता, स्लोगन और क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कुछ बच्चों ने भाषण के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर अपने विचार रखे। वहीं, अन्य विद्यार्थियों ने उनकी तस्वीर बनाकर और देशभक्ति से जुड़े स्लोगन प्रस्तुत कर एकजुटता का संदेश दिया।
छोटे बच्चों के लिए पास द बॉल एंड विन द रेस, पास द कार्डबोर्ड एंड विन द रेस और हेड, शोल्डर, नी एंड बॉटल जैसी मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन खेलों के माध्यम से बच्चों ने सतर्कता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का महत्व सीखा। वहीं, बड़े बच्चों ने क्विज प्रतियोगिता में अपने ऐतिहासिक ज्ञान और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नेहा कुमारी, सिमरन सरदार, मानस्विनी, संचिता नारायण देव और तृप्ति दास को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस प्रकार विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में राष्ट्रीय एकता दिवस का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और आपसी सहयोग का महत्व समझाया गया।










