सोशल संवाद / जमशेदपुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम के पहले चरण के तहत “विकसित भारत क्विज” का आयोजन माय भारत (MY Bharat) पोर्टल पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विकसित भारत @2047 के विजन से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करना है।
यह प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क है। क्विज में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें प्रतिभागियों को 10 मिनट के भीतर हल करना होगा। इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
क्विज में सफल प्रतिभागियों को आगे निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तरीय VBYLD तथा राष्ट्रीय संवाद के विभिन्न चरणों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले VBYLD-2027 कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उन्हें विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। वहीं क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत करने का मौका भी प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और जिले के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए माय भारत, पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी ने उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान तथा जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अधिकारियों ने विकसित भारत क्विज के पोस्टर का अनावरण करते हुए जिले के पात्र युवाओं से बड़ी संख्या में इसमें भाग लेने की अपील की।
इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। यह मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, राष्ट्रीय पहचान बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा।










