सोशल संवाद / जमशेदपुर : झारखंड में सिलिकोसिस पीड़ित मजदूरों और उनके परिवारों को न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा दिलाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। Occupational Safety & Health Association of Jharkhand (OSHAJ India), Rising Occupational Safety & Health Network of India (ROSHNI) और Jharkhand Labour Union (JLU) के संयुक्त तत्वावधान में बैनर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस अभियान के माध्यम से मजदूरों के स्वास्थ्य, उचित इलाज, मुआवजा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है।
यह भी पढे : बैंक फ्रॉड रोकने के लिए RBI स्टॉप स्विच फीचर लाएगा:एक क्लिक में बंद होंगे सभी पेमेंट
ओशाज इंडिया के स्थापना दिवस समारोह के तहत शुरू हुआ यह कार्यक्रम 27 नवंबर को हितधारकों (Stakeholders) का ध्यान आकर्षित करने वाले विशेष कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा। इस दौरान सिलिकोसिस पीड़ित मजदूरों और उनके परिवारों के लिए वनभोज कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
सिलिकोसिस पीड़ितों के मुआवजे की मांग
अभियान के तहत संगठन ने वर्ष 2014 से 2021 के बीच MGM अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा चिन्हित मजदूरों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। संगठन के अनुसार, मुसाबनी के 27+3, डुमरिया के 7, धालभूमगढ़ के 10 और गुड़ाबांदा के एक मजदूर सिलिकोसिस से प्रभावित पाए गए थे। इनमें चार लोगों को मुआवजा मिल चुका है। शेष प्रभावित मजदूरों और मृतकों के आश्रितों को बिना अनावश्यक देरी के मुआवजा देने की मांग की गई है।
सिलिकोसिस योजना का नाम बदलने की मांग
संगठन ने ‘कारखाना सिलिकोसिस लाभुक सहायता योजना, 2021’ का नाम बदलकर ‘झारखंड राज्य सिलिकोसिस चिन्हितकरण एवं लाभुक सहायता योजना’ करने की मांग की है। इसके पीछे उद्देश्य यह है कि कारखानों के अलावा खदानों और असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों को भी योजना का लाभ मिल सके।
हरियाणा मॉडल पर ₹6,000 पेंशन की मांग
सिलिकोसिस से प्रभावित जीवित मजदूरों के लिए संगठन ने हरियाणा मॉडल की तर्ज पर ₹6,000 मासिक पेंशन देने की मांग उठाई है। इसके साथ ही पीड़ित मजदूरों के बच्चों की शिक्षा में आर्थिक सहायता और परिवारों के पूर्ण पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
MGM अस्पताल में लंबित एक्स-रे जांच का मुद्दा
संगठन ने बताया कि MGM अस्पताल के अधीक्षक कार्यालय को पहले ही लगभग 400 मजदूरों की डिजिटल एक्स-रे इमेज भेजी जा चुकी हैं। इनकी जल्द जांच कर रिपोर्ट जारी करने की मांग की गई है। साथ ही सिलिकोसिस की पहचान के लिए गलत तरीके से टीबी की रिपोर्ट देने पर रोक लगाने और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के मानकों के अनुसार मजदूरों की जांच करने की मांग की गई है।
सिलिकोसिस जांच और इलाज की बेहतर व्यवस्था की मांग
संगठन ने सिलिकोसिस की पुष्टि मेडिकल बोर्ड के माध्यम से करने की बात कही है, लेकिन जांच प्रक्रिया को मानवीय और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। इसके अलावा ILO वर्गीकरण के अनुसार छाती के एक्स-रे (CXR) की जांच, स्पाइरोमेट्री और HRCT जैसी सुविधाओं के लिए मानकीकृत प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की गई है।
साथ ही राज्य के सभी प्रखंड अस्पतालों में कम से कम 300 mA की एक्स-रे मशीन लगाने, चिकित्सकों को विशेष प्रशिक्षण देने और लंग फंक्शन टेस्ट की सुविधा विकसित करने की मांग की गई है। इससे सिलिकोसिस पीड़ितों को जांच और इलाज के लिए बार-बार सदर या जिला अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
कर्मचारी मुआवजा अधिनियम के तहत क्षतिपूर्ति की मांग
संगठन ने मजदूरों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए कर्मचारी मुआवजा अधिनियम, 1923 के तहत रैमिंग मास उद्योगों से पूर्ण क्षतिपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है। इसके लिए मुख्यमंत्री को भेजे गए 28 फरवरी 2025 और 30 जून 2026 के ज्ञापन तथा विधि शाखा के पत्रांक 1095 (17 जुलाई 2026) का हवाला दिया गया है।
अभियान के माध्यम से संगठन ने स्पष्ट किया है कि सिलिकोसिस पीड़ित मजदूरों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सम्मानजनक जीवन, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा भी मिलनी चाहिए।











