सोशल संवाद /चाईबासा: मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विधानसभा क्षेत्र ने गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर झारखंड का पहला विधानसभा क्षेत्र बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह उपलब्धि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह भी पढ़े :एमजीएम के 20 समेत राज्य के मेडिकल कॉलेजों में 56 प्राध्यापकों की होगी नियुक्ति
इस सफलता का श्रेय निर्वाचन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), पर्यवेक्षकों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को दिया जा रहा है। सभी संबंधित कर्मियों के समन्वय और समयबद्ध कार्यशैली के कारण यह लक्ष्य निर्धारित समय से पहले पूरा किया गया।
टीमवर्क और प्रतिबद्धता का परिणाम: श्रुति राजलक्ष्मी
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी ने इस उपलब्धि पर सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक मजबूत, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए गर्व का क्षण: उपायुक्त मनीष कुमार
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए यह गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य में सबसे पहले 100 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन पूरा करना जिले की बेहतर कार्यसंस्कृति, टीम भावना और निर्वाचन कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ और पर्यवेक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।
अन्य विधानसभा क्षेत्रों से भी समय पर कार्य पूरा करने की अपील
उपायुक्त ने जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य किया जा रहा है।
जागरूक नागरिकों का भी रहा महत्वपूर्ण योगदान
जिला निर्वाचन कार्यालय ने इस उपलब्धि में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों और जागरूक नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यालय ने विश्वास जताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला आगामी चरणों में भी निर्वाचन संबंधी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपनी परंपरा को कायम रखेगा।









