सोशल संवाद / जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी (जेडब्ल्यूयू) में छात्राओं की यूनिफॉर्म खरीद के लिए जारी किये गये एक विवादास्पद टेंडर नोटिस को विश्वविद्यालय प्रशासन ने वापस ले लिया. छात्राओं व अभिभावकों के विरोध के बाद विवि प्रबंधन ने आधिकारिक वेबसाइट से इस कोटेशन आमंत्रण नोटिस को हटा दिया है.
यह भी पढे : जन शिकायत पर एक्शन में सरयू राय, सोनारी में सड़क और नाली निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
इस संवेदनशील मामले पर फिलहाल विवि प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. नोटिस हटाये जाने के बाद छात्राओं ने राहत की सांस ली है. छात्राओं का कहना है कि यूनिफॉर्म का रंग और डिजाइन तय होना चाहिए, ना कि किसी खास कंपनी का महंगा कपड़ा खरीदने के लिए मजबूर किया जाना चाहिए.
आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं पर पड़ता बोझ मामले को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि कोल्हान के इस प्रतिष्ठित महिला विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में ग्रामीण, आर्थिक रूप से कमजोर व निम्न आय वर्ग के परिवारों की छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं. ऐसे में उनके अभिभावकों पर अधिक आर्थिक बोझ पड़ता.
ये है मामला : विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर हाल ही में यूनिफॉर्म आपूर्ति को लेकर एक कोटेशन आमंत्रण नोटिस प्रकाशित किया गया था. आरोप है कि इस टेंडर नोटिस में कथित तौर पर एक विशेष और नामी ब्रांड के कपड़े से ही यूनिफॉर्म तैयार करने की शर्त शामिल की गयी थी. मामला तूल पकड़ता देख विवि प्रशासन बैकफुट पर आते हुए वेबसाइट से तत्काल प्रभाव से टेंडर नोटिस को डिलीट कर दिया.









