सोशल संवाद / जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से आजादी के गौरवशाली इतिहास, वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया।
यह भी पढे : सैन्य मातृशक्ति ने धूमधाम से मनाया मिलन-सह-सावन महोत्सव, महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा
भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले दिल्ली प्रवास पर होने के बावजूद युवाओं के साथ जुड़े रहे और उन्हें मार्गदर्शन देते रहे। उनके कार्यालय से युवा नेता जुगुन पांडेय और अन्य युवा साथियों के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
भारत माता के जयकारों से गूंजा माहौल
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाकर चल रहे युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने कार्यक्रम को भव्य रूप दिया।
तिरंगा करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक: अमरप्रीत सिंह काले
इस अवसर पर भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि तिरंगा केवल भारत की पहचान नहीं है, बल्कि यह करोड़ों भारतीयों के गौरव, स्वाभिमान, त्याग, तपस्या और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। तिरंगे के प्रत्येक रंग और अशोक चक्र में देश की गौरवशाली यात्रा और असंख्य वीरों के बलिदान की गाथा समाहित है।
उन्होंने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। इसके लिए अनगिनत वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को याद करना और आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है।
राष्ट्रभक्ति को जिम्मेदारी से जोड़ने पर दिया जोर
अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल भावनाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प भी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान, देश की एकता और अखंडता की रक्षा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य होना चाहिए।
युवाओं में बढ़ रहा राष्ट्रप्रेम: काले
काले ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन विशेष रूप से युवाओं में देश के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। बड़ी संख्या में युवाओं का उत्साह के साथ यात्रा में शामिल होना नए भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवा साथियों और यात्रा में शामिल नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में जुगुन पांडेय के नेतृत्व में प्रिंस सिंह, बिभाष मजुमदार, घनश्याम भिरभरिया, शेखर मुखी, सरबजीत सिंह टोबी, दीपक सिंह, सुमन कुमार, विवेक कामत, रंजीत कुमार, विक्रम सिंह, लख्खीकांत घोष, कार्तिक जुमानी, मनु ढोके, बिट्टू मुखी, कंचन बाग, मनोज हलदर, शुरू पात्रों, रामा राव, अमित ठाकुर, सौरव रजक और विष्णु कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।









