सोशल संवाद / चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ थे, जबकि सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद जोबा माझी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और चयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे।
विभिन्न विभागों में 178 अभ्यर्थियों को मिली सरकारी नौकरी
समारोह में अलग-अलग विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें स्थापना कार्यालय के अंतर्गत अनुकंपा एवं उग्रवादी अनुकंपा के तहत 34 लिपिक और 7 आदेशपाल, समाज कल्याण विभाग की 21 सेविकाएं और 32 सहायिकाएं, जिला आयुष कार्यालय के 1 जिला कार्यक्रम प्रबंधक और 25 योग प्रशिक्षक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 5 प्रखंड समन्वयक, डीएमएफटी मद से कक्षा 9-10 के लिए 30 तथा कक्षा 11-12 के लिए 8 अनुशिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के 3 बहुउद्देशीय कार्यकर्ता और 5 सहायक कर्मी, जबकि कोल्हान अधीक्षक कार्यालय के अंतर्गत 7 मुंडा को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
सरकारी सेवा जनसेवा का सबसे बड़ा माध्यम: दीपक बिरुआ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राज्य की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी कर्मियों से ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें कर्मचारी: सांसद जोबा माझी
सांसद जोबा माझी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने सभी से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति अपनाने की अपील
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक सरकारी पद के साथ बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी होती है। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मियों से समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति अपनाने तथा आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और नवनियुक्त कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
जिले के विकास में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका
समारोह के अंत में सभी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त कर्मचारी अपनी कार्यकुशलता, समर्पण और जनसेवा की भावना के बल पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।










