सोशल संवाद / जमशेदपुर : मोहर्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे जिले को सुरक्षा की दृष्टि से 13 सुपर जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सुपर जोन में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की विशेष निगरानी रहेगी। जिला प्रशासन ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 190 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की है।
यह भी पढे : झारखंड की दोनों सॉल्वर चंचल व पूनम की खंगाली जा रही कुंडली
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 1401 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 849 सशस्त्र बल, 514 लाठी बल तथा 28 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त की जाएगी। अधिकारियों को अपने क्षेत्र में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों को किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उधर, साकची मोहम्मडन लाइन से निकलने वाले जुलूस के समय साकची-बारीडीह मार्ग पर यातायात डायवर्ट रहेगा। वाहन हनुमान मंदिर, शीतला मंदिर और दिल्ली दरबार मार्ग से होकर गुजरेंगे। साकची गोलचक्कर से बंगाल क्लब और बंगाल क्लब से पंप हाउस तक निकलने वाले जुलूस के दौरान भी वाहनों का परिचालन एक लेन से कराया जाएगा। मानगो और आजादनगर क्षेत्र के जुलूस के दौरान पारडीह चौक से साकची जाने वाले वाहनों को डिमना चौक की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, साकची से पारडीह और ओल्ड पुरुलिया रोड जाने वाले वाहनों
को मानगो चौक से ही डिमना की ओर डायवर्ट किया जाएगा। टेल्को क्षेत्र में व बारीनगर से हुडको डैम तक निकलने वाले जुलूस के दौरान एम-टाइप चौक से धोबी घाट तक मार्ग वन-वे रहेगा।
भारी वाहनों का परिचालन पूर्ण रूप से रहेगा बाधित
यातायात पुलिस ने नो-एंट्री व्यवस्था में भी अस्थायी संशोधन किया है। 26 जून को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन सामान्य रहेगा। इसके बाद 26 जून दोपहर 1 बजे से 27 जून सुबह 3 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी एवं मालवाहक चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
मोहर्रम जुलूस 26 और 27 को, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
मुहर्रम पर्व के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने 26 और 27 जून को शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। जारी आदेश के अनुसार, जुलूस के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा, जबकि विभिन्न स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
जरूरत पड़ने पर जिन सड़कों से जुलूस गुजरेगा, वहां यातायात पूरी तरह रोक दिया जाएगा। इस दौरान घतकीडीह से बेलीबीधनवाला घाट जाने वाले जुलूस के दौरान परिसदन एवं रीगल गोलचक्कर की ओर से आने-जाने वाले वाहन जुलूस के समानांतर लेन का उपयोग करेंगे। बिष्टूपुर बाजार से निकलने वाले जुलूस के समय वोल्टास और रीगल गोलचक्कर की ओर से आने वाले वाहनों को भी एक लेन से ही गुजरने की अनुमति होगी।










