सीरत-उन-नबी क्विज के 273 प्रतिभागी सम्मानित, हाशिर इनायत सिद्दीकी बने विजेता

By Sanjana Das

Published :

Follow
सीरत-उन-नबी क्विज के 273 प्रतिभागी सम्मानित, हाशिर इनायत सिद्दीकी बने विजेता

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/चक्रधरपुर : अंजुमन इस्लामिया चक्रधरपुर की ओर से रविवार को क्लासिक मैरिज हॉल में सीरत-उन-नबी क्विज प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्विज में शामिल सभी 273 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

यह भी पढे : 5G नेटवर्क को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, बढ़ाई गई रेडिएशन लिमिट; कम टावरों में मिलेगा बेहतर कवरेज

समारोह का मुख्य आकर्षण रांची से पहुंचे चर्चित वायरल बॉय जैन अकदस हैदर रहे। उन्हें देखने और उनकी बातें सुनने के लिए क्लासिक मैरिज हॉल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जैन के मंच पर पहुंचते ही लोगों ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।

हाशिर इनायत सिद्दीकी ने हासिल किया पहला स्थान

सीरत-उन-नबी के संदेश और पैगंबर हजरत मोहम्मद की जिंदगी व शिक्षाओं से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के इलाकों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में चाईबासा डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र हाशिर इनायत सिद्दीकी ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं जमशेदपुर के बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र जावेद अख्तर दूसरे और जवाहरलाल नेहरू कॉलेज, चक्रधरपुर की छात्रा अलीशा नाज तीसरे स्थान पर रहीं।

तीनों विजेताओं को कैश अवार्ड, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 52 अन्य सफल विद्यार्थियों को भी कैश अवार्ड, ट्रॉफी, मेडल और अन्य पुरस्कार दिए गए।

जैन अकदस हैदर ने बच्चों को दिया सफलता का मंत्र

कार्यक्रम में जैन अकदस हैदर ने विद्यार्थियों को समय का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि समय का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि बीता हुआ वक्त दोबारा वापस नहीं आता। उन्होंने बच्चों से लगातार मेहनत करने और सफलता मिलने के बाद भी विनम्र रहने की अपील की।

जैन ने कहा कि सफलता के बाद इंसान को घमंड से बचना चाहिए। बच्चों ने उनसे कई सवाल भी पूछे, जिनका उन्होंने सहज तरीके से जवाब दिया और शिक्षा, मेहनत, समय के सही इस्तेमाल और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।

‘इल्म से बड़ी कोई दौलत नहीं’

चाईबासा अंजुमन के सचिव फैयाज अहमद खान ने कहा कि दुनिया में ज्ञान से बड़ी कोई दौलत नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक ज्ञान हासिल करने और शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने की अपील की।

जैतगढ़ से पहुंचे काविश रजा ने भी बच्चों को मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

सहयोग करने वालों को भी किया सम्मानित

समारोह में जैन अकदस हैदर के माता-पिता समेत अंजुमन इस्लामिया चक्रधरपुर के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों को उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा प्रतियोगिता के आयोजन और विद्यार्थियों की भागीदारी में सहयोग करने वाले चार विद्यालयों को भी सम्मान मिला। इनमें उर्दू टाउन उच्च विद्यालय, उर्दू टाउन मध्य विद्यालय, उर्दू मध्य विद्यालय दंदासाई और उर्दू मध्य विद्यालय सिमिदिरी शामिल हैं।

पूरे कार्यक्रम के दौरान क्लासिक मैरिज हॉल तालियों और नारों से गूंजता रहा। अंजुमन इस्लामिया की ओर से सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया गया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version