सोशल संवाद/जमशेदपुर : शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के तख्त श्री हजूर साहिब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जमशेदपुर से करीब 500 श्रद्धालु रवाना होंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर रंगरेटा महासभा की ओर से टूईला डुंगरी गुरुद्वारा स्थित बाबा जीवन सिंह हॉल में बैठक आयोजित की गई।
यह भी पढे : SIR के नाम पर 12 दस्तावेजों की मांग क्यों? पहले वोटर कार्ड की मैपिंग, अब कागजों की दौड़ क्यों?: रामहरि गोप
बैठक में श्रद्धालुओं को यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। महासभा के अनुसार हर वर्ष बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु ऐतिहासिक गुरुद्वारों में पहुंचते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष तख्त श्री हजूर साहिब में आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर की संगत भी शामिल होगी।
2 सितंबर को टाटानगर से रवाना होगी संगत
रंगरेटा महासभा के प्रधान मनजीत सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की यात्रा 2 सितंबर को होगी। संगत शाम करीब 5 बजे टाटानगर स्टेशन से संतरागाछी ट्रेन के माध्यम से तख्त श्री हजूर साहिब, महाराष्ट्र के लिए रवाना होगी। श्रद्धालुओं की वापसी 7 सितंबर को होगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा को सफल बनाने के लिए रंगरेटा महासभा की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश दिवस पर विशेष आयोजन
शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह जी ने सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर जी के शीश को चांदनी चौक, दिल्ली से आनंदपुर साहिब पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रकाश दिवस के अवसर पर हर वर्ष विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस वर्ष तख्त श्री हजूर साहिब से निकलने वाले नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
बैठक में कई पदाधिकारी और संगत रही मौजूद
कार्यक्रम का संचालन गुरदीप सिंह काके ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महासभा के महासचिव सुखदेव सिंह मिट्ठू ने किया।
बैठक में सरदार शैलेंद्र सिंह, गुरमुख सिंह, प्रताप सिंह, जसवीर सिंह पदरी, जसबीर सिंह गिल, रणजीत सिंह फौजी, दलबीर सिंह फौजी, राजेंद्र सिंह टर्सिका, साहेब सिंह, रोशन सिंह, बलजीत सिंह समेत महासभा के कई सदस्य और महिला श्रद्धालु मौजूद रहीं।
रंगरेटा महासभा ने बताया कि यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।









