सोशल संवाद / जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ का असर झारखंड के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। खासकर 20 नवंबर को दक्षिणी और मध्य झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढे : झारखंड में 108 एंबुलेंस हड़ताल पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, 280 नई एंबुलेंस खरीदने की तैयारी
मौसम केंद्र के अनुसार, 19 से 23 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
20 नवंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने 20 नवंबर को दक्षिणी और मध्य झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
21 और 22 नवंबर को भी बदला रहेगा मौसम
21 नवंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
इसके बाद 23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।











