सोशल संवाद / रांची : झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी स्थिति में राज्य में एंबुलेंस सेवा बाधित नहीं होने दी जाएगी। अगर हड़ताल या किसी के दबाव के कारण एंबुलेंस नहीं मिलने से किसी मरीज की जान जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने समेत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे : गोलमुरी पुलिस सभा में SSP ने सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री गुरुवार को नेपाल हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय आपातकालीन बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर बातचीत करने और उनका समाधान निकालने के लिए तैयार है। लेकिन मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़, अनुचित मांगों और दबाव बनाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों से कई दौर की बातचीत हो चुकी है। इसके बावजूद एंबुलेंस सेवा को प्रभावित करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सरकार निजी एंबुलेंस किराये पर लेगी और नए ड्राइवरों की व्यवस्था भी करेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार प्रत्येक पंचायत के मुखिया को एक एंबुलेंस उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को समय पर आपातकालीन सुविधा मिल सके।
280 नई एंबुलेंस खरीदने की तैयारी
बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में 280 नई एएलएस और बीएसएस एंबुलेंस खरीदी जाएंगी। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा को बेहतर बनाने के लिए एआई आधारित कॉल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है, ताकि जरूरत के समय मरीजों को जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











