सोशल संवाद / जमशेदपुर : पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के उद्देश्य से 19 नवंबर 2026 को गोलमुरी स्थित पुलिस केंद्र में पुलिस सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने की।
यह भी पढे : छठ के बाद स्वच्छता अभियान में उतरीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता, मुनक नहर घाट पर किया श्रमदान
पुलिस सभा में आरक्षी से लेकर पुलिस निरीक्षक स्तर तक के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जिले के विभिन्न थानों, टीओपी और पुलिस कार्यालयों से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अपनी सामूहिक समस्याओं और कार्यस्थल से जुड़ी कठिनाइयों को अधिकारियों के सामने रखा।
SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्रत्येक मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिसकर्मियों की जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द और प्रभावी समाधान किया जाए।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को भरोसा दिलाया गया कि पुलिस प्रशासन उनके कल्याण और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर ललित मीणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शुभम खंडेलवाल सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी और जिले की विभिन्न इकाइयों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस सभा का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान कर पुलिस बल का मनोबल एवं कार्यक्षमता बढ़ाना था।











