सोशल संवाद / बड़बिल रिपोर्ट – संजय सिन्हा: बोलानी एवं भद्राशाही में ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीजू पटनायक की प्रतिमा अपनी ही पार्टी बीजू जनता दल (बीजेडी) के स्थापना दिवस पर फूल-मालाओं से वंचित रह गई। बीजू बाबू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने की याद शायद किसी को नहीं आई, जिसकी चर्चा क्षेत्र में जोर-शोर से हो रही है।

यह भी पढ़े : बोलानी गुरुद्वारा में वीर बाल दिवस मनाया गया
आपको बता दें कि 26 दिसंबर, शुक्रवार को पूरे ओडिशा में बीजू जनता दल के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं द्वारा स्थापना दिवस मनाया गया। बड़बिल तहसील क्षेत्र के जोड़ा, भद्राशाही, गुवाली, बड़बिल, बोलानी आदि क्षेत्रों में बीजू जनता दल की अच्छी पकड़ मानी जाती है। इन क्षेत्रों में बीजेडी की स्थिति इतनी मजबूत है कि नगरपालिका अध्यक्ष से लेकर विधायक तक बीजू जनता दल के ही उम्मीदवार चुनाव जीतकर आए हैं।
बड़बिल तहसील क्षेत्र में तीन स्थानों—भद्राशाही, कलिंगा नगर और बोलानी—में ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीजू पटनायक की बड़ी प्रतिमाएं स्थापित हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर केवल बड़बिल के कलिंगा नगर स्थित प्रतिमा पर ही माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए। जबकि भद्राशाही एवं बोलानी में बीजू बाबू की प्रतिमाएं धूल से ढकी और बिना फूल-मालाओं के ही रह गईं।









