सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामला रांची के Harmu स्थित आवासीय के कथित व्यावसायिक उपयोग से जुड़ा है।

यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर नगर परिषद में सन्नी उरांव की ऐतिहासिक जीत, 1061 वोट से दर्ज की बड़ी बढ़त
बोर्ड का दावा है कि संबंधित जमीन सिर्फ रिहायशी उद्देश्य के लिए आवंटित की गई थी, लेकिन वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिली है। नोटिस में 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्लॉट संख्या एच-(10)ए का आवंटन रद्द करने की सिफारिश की जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक, यह जमीन वर्ष 2009 में राज्य सरकार की अनुशंसा पर आवासीय उपयोग के लिए दी गई थी। बोर्ड अध्यक्ष संजय लाल पासवान ने जांच के बाद कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नियम उल्लंघन के मामलों में अन्य लोगों को भी नोटिस भेजे गए हैं।
विवाद की वजह हरमू स्थित संपत्ति पर चल रहे एक डायग्नोस्टिक सेंटर को माना जा रहा है। यह स्थान क्रिकेट प्रशंसकों के बीच खास पहचान रखता है, क्योंकि यह धोनी का पुराना निवास रहा है। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ रांची के सिमलिया रिंग रोड स्थित फार्महाउस में रहते हैं।
सोशल मीडिया पर नोटिस की प्रति वायरल होने के बाद चर्चा तेज है। अभी तक धोनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2020 में संन्यास लेने के बावजूद वह आईपीएल में सक्रिय हैं और चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते रहे हैं।










