सोशल संवाद / रांची: झारखंड में जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बड़ा अपडेट सामने आया है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले चार दिनों से अन्न और जल का त्याग कर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने बुधवार को अपना जल उपवास समाप्त कर दिया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल (अन्न त्याग) अभी भी जारी है।

यह भी पढ़े : एमजीएम : फेस बायोमेट्रिक मशीन से बनेगा अटेंडेंस
सोनम वांगचुक की अपील के बाद लिया फैसला
देवेंद्रनाथ महतो ने यह निर्णय प्रसिद्ध शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अपील के बाद लिया। दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई, जिसमें वांगचुक ने उनसे आंदोलन जारी रखने के लिए स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लंबी लड़ाई लड़ने के लिए शरीर का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है।
इसके बाद देवेंद्र महतो ने नींबू, पानी और नमक का घोल पीकर अपना जल उपवास समाप्त किया। हालांकि उन्होंने अन्न ग्रहण नहीं किया और कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन अनशन जारी रहेगा।
चार दिनों तक नहीं लिया था अन्न और जल
जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान देवेंद्रनाथ महतो पिछले चार दिनों से न तो अन्न ग्रहण कर रहे थे और न ही पानी पी रहे थे। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद समर्थकों और छात्रों के बीच चिंता बढ़ गई थी।
वीडियो कॉल पर हुई बातचीत
बातचीत के दौरान देवेंद्र महतो ने सोनम वांगचुक से कहा कि वह उनका बेहद सम्मान करते हैं और चाहते हैं कि वे रांची आकर आंदोलन का समर्थन करें। इस पर सोनम वांगचुक ने आश्वासन दिया कि वह रांची आने का प्रयास करेंगे और छात्रों से मुलाकात करेंगे। इस भरोसे के बाद देवेंद्र महतो वीडियो कॉल के दौरान ही जल ग्रहण करने के लिए तैयार हुए और उन्होंने अपना वाटर फास्ट समाप्त किया।
महात्मा गांधी का दिया उदाहरण
वीडियो कॉल के दौरान सोनम वांगचुक ने महात्मा गांधी के अनशन का उदाहरण देते हुए कहा कि अनशन का उद्देश्य स्वयं को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और प्रभावी तरीके से सामने रखना होता है। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी भी लंबे अनशन के दौरान शरीर की ऊर्जा बनाए रखने के लिए नींबू, पानी और शहद का सेवन करते थे। इससे शरीर संघर्ष जारी रखने की स्थिति में बना रहता है।
JPSC आंदोलन जारी
झारखंड में जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।









