सोशल संवाद/जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के 28,766 केन्द्रीय पेंशन लाभुकों के खाते में आवंटन होने के बावजूद राशि नहीं जा पा रही है। पैसा नहीं जा पाने की मूल वजह केंद्र प्रायोजित योजनाओं के भुगतान की नई एसएनए-स्पर्श प्रणाली में संक्रमण और एनएसएपी पोर्टल के अपग्रेडेशन में हुई देरी है। इसकी वजह से सिर्फ पूर्वी सिंहभूम ही नहीं, पूरे राज्य की पेंशन का भुगतान फंसा हुआ है।

यह भी पढे : पेपर लीक-नकल मामलों के लिए विशेष कोर्ट गठित
पेंशन भुगतान अटकने की जानकारी जिला प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा निदेशालय को भेज दी थी। परंतु तकनीकी अड़चन को आज तक दूर नहीं किया जा सका है। इसकी वजह से आज भी लाभुकों को अपनी पेंशन का इंतजार है।
जुलाई माह के अंत में ही केन्द्रीय पेंशन योजना मद में जिला प्रशासन को आवंटन उपलब्ध करा दिया गया था। इसकी वजह से एक साथ चार महीने की पेंशन के भुगतान की योजना बनाई गई। परंतु एक माह बीतने के बावजूद आज तक भुगतान नहीं हो सका है। पूर्वी सिंहभूम जिले को तीनयोजनाओं के लिए 8.42 करोड़ रुपए का आवंटन मिला है। इनमें इंदिरा गांधी वृद्धावस्था, इंदिरा गांधी विधवा और इंदिरा गांधी विकलांगता पेंशन की राशि शामिल है। अप्रैल से ही पेंशन बकाया थी इसलिए जुलाई तक की पेंशन का भुगतान करने का निर्णय लिया गया है। दरअसल नये वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के लाभुकों को एक भी माह की पेंशन का भुगतान नहीं किया गया है। केन्द्रीय पेंशन मद में सभी योजनाओं के लाभुकों को हर माह एक हजार रुपए दिए जाते हैं। इस प्रकार हर लाभुक को चार-चार हजार की राशि मिलेगी। ताजा स्थिति यह है कि एनएसएपी पोर्टल का अपग्रेडेशन चल रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि पोर्टल का काम पूरा होते ही लंबित बकाया पेंशन राशि डीबीटी के जरिए लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।









