सोशल संवाद/डेस्क : डुमरी विधायक जयराम महतो और पुलिस के बीच चल रहा विवाद अब और बढ़ता नजर आ रहा है। विधायक के कथित व्यवहार को लेकर झारखंड पुलिस में नाराजगी है। पुलिस संगठनों ने मामले को गंभीर बताते हुए विधायक के खिलाफ आपत्ति जताई है और माफी की मांग की है।

यह भी पढे : जयराम महतो बनाम पुलिस एसोसिएशन विवाद गहराया, माफी मांगने से विधायक का इनकार; बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी
दरअसल, बरवाअड्डा थाना प्रभारी और जयराम महतो के बीच बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस की ओर से आरोप लगाया गया कि बातचीत के दौरान विधायक ने थाना प्रभारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी। इस मामले में विधायक के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
पुलिस एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन ने मामले पर नाराजगी जताई। पुलिस संगठनों का कहना है कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस संगठनों ने विधायक से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
जयराम महतो ने आरोपों को बताया साजिश
वहीं, जयराम महतो ने वायरल ऑडियो को लेकर अलग पक्ष रखा है। विधायक का दावा है कि वायरल ऑडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और पूरी बातचीत का केवल एक हिस्सा सामने लाया गया है। उन्होंने पूरे मामले को अपने खिलाफ साजिश बताया है।
इससे पहले विवाद की शुरुआत एक स्थानीय मामले को लेकर हुई थी। इसके बाद थाना परिसर में विवाद, प्राथमिकी और वायरल ऑडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
अब जांच पर टिकी नजर
फिलहाल मामले में पुलिस और विधायक, दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है। वायरल ऑडियो की वास्तविकता और विवाद के दौरान हुई घटनाओं की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी। वहीं, पुलिस संगठनों की नाराजगी के बाद इस विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।









