सोशल संवाद/बड़बिल (रिपोर्ट- संजय सिन्हा) : जोड़ा प्रखंड के जजांग पंचायत अंतर्गत कमलपुर खेल मैदान में माँ मनसा यूथ एसोसिएशन की ओर से फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया।
यह भी पढे : संविदा पर 10 साल से अधिक नियमित काम करने वाले होंगे : हाईकोर्ट
टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद, जोड़ा नगर के अध्यक्ष रंजीत महाकुड़ शामिल हुए। वहीं, सम्मानित अतिथियों के रूप में केंदुझर जिला भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सचिव अफताब आलम, माइनिंग ट्रक मालिक संघ के संयुक्त सचिव अजय सिन्हा, समाजसेवी पृथ्वीराज एवं संजय सामल उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये नकद और एक ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि रंजीत महाकुड़ ने सभी खिलाड़ियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। टूर्नामेंट के दौरान कमलपुर खेल मैदान में सैकड़ों फुटबॉल प्रेमियों की भीड़ मौजूद रही, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा।










