सोशल संवाद / जमशेदपुर : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर 24 नवंबर को सोनारी गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। तैयारियों को लेकर सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह के नेतृत्व में बैठक हुई, जिसकी शुरुआत अकाली दल के सुखदेव सिंह खालसा द्वारा अरदास से हुई।
यह भी पढ़े : चाईबासा में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, गिट्टी लदा हाइवा और बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
बैठक में सिख मर्यादा और कार्यक्रमों को लेकर कई निर्णय लिए गए। 24 नवंबर को सुबह 10.30 बजे सोनारी से शुरू होकर नगर कीर्तन एयरपोर्ट रोड, डीसी बंगला, कदमा, कीनन स्टेडियम रोड और साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए शाम पांच बजे साकची गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न होगा। सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी द्वारा 26 नवंबर को साकची में सेंट्रल दीवान सजाया जाएगा।
इसके अलावा गुरु तेग बहादुर साहिब, माता गुजरी जी व चारों साहिबजादों की शहादत को समर्पित विशाल नगर कीर्तन भी निकाला जाएगा। यह कीर्तन सीजीपीसी कार्यालय से सुबह आठ बजे रवाना होकर बिष्टुपुर और गम्हरिया गुरुद्वारा होते हुए दोपहर 12.30 बजे चाईबासा गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगा। वहां चाईबासा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से समस्त संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया जाएगा।
मर्यादा के पालन पर जोर
धर्म प्रचार कमेटी अकाली दल के प्रधान रविंदर सिंह के प्रस्ताव पर सिख मर्यादा से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनके पालन की जिम्मेदारी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों को सौंपी गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि कोई भी संस्था किसी गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने से पहले संबंधित गुरुद्वारा कमेटी को विश्वास में लेगी। 24 नवंबर के नगर कीर्तन में शामिल होने वाले धार्मिक स्कूलों, मिडिल व हाई स्कूलों और सिख स्त्री सत्संग सभाओं के क्रम निर्धारण के लिए लॉटरी निकाली गई। बैठक का संचालन महासचिव अमरजीत सिंह ने किया।










