सोशल संवाद / डेस्क : टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) ने कई लोगों की जिंदगी बदल दी है। इस शो में कुछ कंटेस्टेंट ने अपनी समझ और ज्ञान के दम पर करोड़ों रुपये जीते हैं। इन्हीं में एक नाम सनमीत कौर साहनी का है, जिन्होंने KBC के छठे सीजन में 5 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया था। वह शो में 5 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीतने वाली पहली महिला बनी थीं।
यह भी पढे : Tiger Shroff Viral Video: टाइगर की परफॉर्मेंस में कुत्ते की एंट्री, वायरल हुए ‘डॉगेश भाई’
कौन हैं सनमीत कौर साहनी?
सनमीत कौर साहनी मुंबई की रहने वाली हैं। KBC में आने से पहले वह एक हाउसवाइफ थीं और घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार की आर्थिक मदद करती थीं। उन्होंने सिर्फ 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बावजूद अपने ज्ञान और मेहनत के दम पर उन्होंने अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर 5 करोड़ रुपये जीत लिए।
पति का कर्ज चुकाना और घर खरीदना था सपना
शो के दौरान सनमीत ने बताया था कि उनके पति पर काफी कर्ज था। वह KBC में जीती हुई रकम से पति का कर्ज चुकाना चाहती थीं। इसके अलावा उनका सपना उस घर को खरीदने का भी था, जिसमें उनका परिवार करीब 40 साल से किराये पर रह रहा था।
इस सवाल का जवाब देकर जीते थे 5 करोड़
5 करोड़ रुपये के जैकपॉट के लिए सनमीत से पूछा गया था कि दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची पर्वत चोटी K2 पर सफलतापूर्वक चढ़ने वाली पहली महिला कौन थीं?
इस सवाल के विकल्पों में जुंको ताबेई, वांडा रुत्किविच, बछेंद्री पाल और शर्ली मेट्ज के नाम शामिल थे। सनमीत ने दो लाइफलाइन का इस्तेमाल किया। फोन-ए-फ्रेंड से भी उन्हें सही जवाब नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपनी समझ से सही उत्तर दिया और 5 करोड़ रुपये जीत लिए।
जीती हुई रकम का दान में किया इस्तेमाल
सनमीत के पति मनमीत सिंह अभिनेता हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, KBC में जीती गई रकम का इस्तेमाल उन्होंने दान-पुण्य के कामों में भी किया। बाद में उन्होंने अपना फूड बिजनेस भी शुरू किया। उनके रेस्तरां ब्रांड का नाम ‘Mr Singh’s Tandoori Hut’ बताया जाता है।
इस तरह सनमीत कौर साहनी ने साबित किया कि सफलता के लिए सिर्फ बड़ी डिग्री ही जरूरी नहीं, बल्कि ज्ञान, आत्मविश्वास और मेहनत भी बेहद मायने रखते हैं।











