सोशल संवाद / रांची: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर वर्तमान और पूर्व विधायकों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों और राज्य के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। रविवार को रांची स्थित विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित लोगों को शॉल और मोमेंटो प्रदान किए।
यह भी पढे : Tatanagar Railway Station: जांच के बाद ही पैंट्री कार में पहुंचेगा खाना, रेलवे सख्त
81 वर्तमान विधायकों को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान झारखंड विधानसभा के सभी 81 वर्तमान विधायकों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पूर्व विधायकों को भी सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य सह वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक मथुरा महतो और नवीन जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
17 खिलाड़ियों को मिला सम्मान
स्थापना दिवस के मौके पर झारखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले 17 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें तीरंदाज अंकिता भगत और हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे व निक्की प्रधान शामिल हैं।
जो खिलाड़ी समारोह में शामिल नहीं हो सके, उनके परिजनों को उनकी ओर से शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
विधानसभा के छह कर्मचारियों को भी मिला पुरस्कार
समारोह में विधानसभा सचिवालय के छह कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इनमें उपसचिव किरण सुमन बाखला, सुषमा सिन्हा, रविकांत समीर तिर्की, अली अहमद, शिवराज राम और संजय कुमार मेहतो शामिल हैं।
राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संयुक्त रूप से सभी को शॉल और मोमेंटो प्रदान किए।
लोकतांत्रिक योगदान और उपलब्धियों को किया गया याद
झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस समारोह में राज्य के जनप्रतिनिधियों, पूर्व विधायकों, प्रशासनिक अधिकारियों और खिलाड़ियों के योगदान को सम्मान दिया गया। कार्यक्रम के जरिए विधानसभा की लोकतांत्रिक यात्रा और राज्य के विकास में योगदान देने वाले लोगों को याद किया गया।











