सोशल संवाद / रांची : लंबित मांगों के समर्थन में झारखंड के 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने सोमवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन के पहले दिन राज्यभर के कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया और सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
यह भी पढे : ट्रांसपोर्ट नगर में 17 सितंबर से भव्य विश्वकर्मा पूजा, 19 को शहनाज अख्तर की भक्ति संध्या
संघ ने बताया कि 19 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाएंगे। 19 सितंबर को सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। 21 सितंबर को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष भिक्षाटन और 23 सितंबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। 25 सितंबर को राज्यभर में हड़ताल कर नामकुम स्थित एनएचएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा। संघ ने कहा कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। कर्मचारियों ने सरकार से वार्ता कर मांगों के समाधान की अपील की है।










