सोशल संवाद / रांची : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल गवर्नेस और आईटी निवेश के क्षेत्र में झारखंड राष्ट्रीय ॥ स्तर पर नई पहचान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य का डिजिटल रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान झारखंड की आईटी, आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल गवर्नेस से जुड़ी भविष्य की विकास रणनीति देश-विदेश की अग्रणी टेक कंपनियों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के सामने रखी जाएगी।
यह भी पढे : झारखंड की 4345 पंचायतों को मिलेंगे ₹14231 करोड़
इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड को भारत के एआई इकोसिस्टम में एक उभरते हुए राज्य के रूप में स्थापित करना है। पहले दिन लगभग 100 अग्रणी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टेक एवं आईटी कंपनियों के प्रतिनिधि तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी दो अलग-अलग सत्रों में भाग लेंगे। सरकार का लक्ष्य डिजिटल नवाचार, आईटी निवेश, एआई आधारित सुशासन और भविष्य की तकनीकों के क्षेत्र में झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाना है। पहली बार निवेशकों के सामने रखा जाएगा रांची आईटी पार्क कंसल्टेशन के दौरान पहली बार रांची आईटी पार्क को राष्ट्रीय स्तर पर निवेश प्रस्ताव के रूप में पेश किया जाएगा।
4 क्षेत्रों पर रहेगा एआई फोकस
राज्य सरकार की एआई रणनीति चार प्रमुख क्षेत्रों-सुशासन, कृषि एवं ग्रामीण आजीविका, स्वास्थ्य और खनिज संसाधन प्रशासन-पर केंद्रित है। यह रणनीति केंद्र सरकार की ‘एआई फॉर ऑल’ अवधारणा के अनुरूप तैयार की गई है। कंसल्टेशन के दौरान मुख्यमंत्री डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म की अवधारणा भी प्रस्तुत करेंगे।










