सोनारी में सूदखोरी, मारपीट और ठेला बंद कराने का आरोप, गोलगप्पा विक्रेता ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

By Riya Kumari

Published :

Follow
सोनारी में सूदखोरी, मारपीट और ठेला बंद कराने का आरोप, गोलगप्पा विक्रेता ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के सोनारी थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा निवासी एवं “एमबीए गोलगप्पावाला” के संचालक बजरंग प्रसाद ने सूदखोरी, मारपीट, धमकी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने और बिना किसी डर के दोबारा अपना ठेला संचालित करने की मांग की है।

यह भी पढे : NEET Paper Leak: JLKM नेता राजा कालिंदी ने छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

₹1.70 लाख उधार लेने के बाद बढ़ा विवाद

शिकायत में बजरंग प्रसाद ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने कथित तौर पर मनीष सिंह से 1.70 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस राशि पर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया और सुरक्षा के नाम पर उनसे दो हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी ले लिए गए।

शिकायतकर्ता का दावा है कि वह मूल राशि से अधिक, करीब 2 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से चुका चुके हैं, जिसके प्रमाण उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त रकम की मांग लगातार की जाती रही।

सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का आरोप

बजरंग प्रसाद ने आरोप लगाया कि 11 फरवरी 2026 को उन्हें सोनारी थाना बुलाया गया, जहां दबाव बनाकर एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए। उनके अनुसार, उस कागज पर चार महीने के भीतर 2 लाख रुपये लौटाने की बात लिखवाई गई।

ठेले पर पहुंचकर मारपीट और धमकी देने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे मनीष सिंह, प्रकाश ठाकुर और बिष्टुपुर थाना में पदस्थापित एक पुलिस पदाधिकारी बलराम साहू उनके गोलगप्पा ठेले पर पहुंचे।

बजरंग प्रसाद का आरोप है कि वहां उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और अतिरिक्त ब्याज की मांग की गई। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई और उनके पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही ठेला बंद करने और दोबारा व्यवसाय शुरू करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

थाना प्रभारी पर भी लगाए गंभीर आरोप

शिकायत में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे और पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार पर भी बार-बार थाना बुलाकर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।

बजरंग प्रसाद ने एसएसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित सूदखोरी, धमकी और मारपीट के आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें पहले की तरह अपना गोलगप्पा ठेला संचालित करने की सुरक्षा और अनुमति सुनिश्चित की जाए।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version