सोशल संवाद / रांची : दीपावली के त्योहार पर झारखंड की पूर्व विधायक और कांग्रेस नेत्री अंबा प्रसाद एक अलग वजह से चर्चा में आ गईं। सरकारी आवास खाली कराए जाने के बाद उन्होंने घर के बाहर टेंट लगाकर परिवार के साथ दीपावली मनाई। इसी टेंट में उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और दीप जलाकर त्योहार मनाया।
यह भी पढे : चक्रधरपुर में 1000 फीट पीसीसी सड़क का भूमि पूजन, धतकीडीह से चेलाबेड़ा स्कूल तक आवागमन होगा आसान
सरकारी आवास खाली होने के बाद टेंट में मनाई दिवाली
दरअसल, रांची के धुर्वा स्थित एचईसी परिसर में अंबा प्रसाद को आवंटित सरकारी आवास को प्रशासन ने खाली करा लिया था। इसके बाद आवास के बाहर टेंट लगाकर अंबा प्रसाद धरने पर बैठ गईं। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया था कि दीपावली के दिन वह आखिर कहां जाएं।
छोटी दिवाली के दिन आवास खाली कराए जाने के बाद उन्होंने टेंट में ही दीप जलाकर त्योहार मनाने का फैसला किया। दीपावली की रात परिवार के सदस्यों के साथ टेंट में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा की।
सरकार पर लगाए कार्रवाई के आरोप
अंबा प्रसाद ने सरकारी आवास खाली कराने की कार्रवाई को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इसे अपने और अपने परिवार के खिलाफ की जा रही कार्रवाई बताया। साथ ही कहा कि वह अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगी।
उनका कहना है कि त्योहार की तैयारियों के बीच आवास खाली कराए जाने से परिवार को परेशानी हुई। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
नए अधिकारी को आवंटित किया गया था आवास
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धुर्वा स्थित एचईसी परिसर का यह सरकारी आवास अब आईपीएस अधिकारी क्रांति गडिदेशी को आवंटित किया गया है। विधानसभा के पास नए विधायक आवास बनने के बाद पुराने सरकारी भवनों को अन्य अधिकारियों को आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में अंबा प्रसाद को आवंटित आवास खाली कराया गया था।
टेंट में परिवार के साथ दीपावली मनाने की अंबा प्रसाद की तस्वीरें और वीडियो अब चर्चा का विषय बने हुए हैं।











