सोशल संवाद / डेस्क : दिग्गज अभिनेता Anant Nag को भारतीय सिनेमा में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। भारत सरकार ने 16 सितंबर 2026 को इसकी घोषणा की। यह पुरस्कार दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर दिया जा रहा है।
यह भी पढे : Kareena Kapoor : महिला पुलिस अफ़सरों को अक्सर मर्दाना दिखाया जाता है
अनंत नाग को यह सम्मान 22 सितंबर 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा। सरकार के अनुसार यह सम्मान उनके पांच दशक से अधिक लंबे सिनेमाई सफर और भारतीय फिल्म जगत में योगदान की मान्यता है।
300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
4 सितंबर 1948 को जन्मे अनंत नाग ने कन्नड़ फिल्म ‘संकल्प’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘अंकुर’ के जरिए हिंदी सिनेमा में कदम रखा।
अपने लंबे करियर में अनंत नाग ने कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल और मराठी सहित कई भाषाओं की 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। टेलीविजन की चर्चित सीरीज ‘मालगुडी डेज’ में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कई पुरस्कारों से हो चुके हैं सम्मानित
अनंत नाग को अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें पांच फिल्मफेयर पुरस्कार और पांच कर्नाटक राज्य सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार सहित कई सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2025 में उन्हें पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था।
PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि कई दशकों से अनंत नाग के सहज अभिनय, बहुमुखी प्रतिभा और कलात्मक कौशल ने भारतीय सिनेमा, खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है।
कन्नड़ सिनेमा के लिए भी खास सम्मान
अनंत नाग का करियर मुख्य रूप से कन्नड़ सिनेमा से जुड़ा रहा है, हालांकि उन्होंने हिंदी और कई अन्य भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी अभिनय किया। उनके पांच दशक से अधिक लंबे सफर को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
22 सितंबर को केवड़िया में होने वाला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह अनंत नाग के लिए इस सम्मान को औपचारिक रूप से प्राप्त करने का अवसर होगा।










