सोशल संवाद / डेस्क : पंजाबी सिंगर और अभिनेता Diljit Dosanjh का अहमदाबाद कॉन्सर्ट विवादों में आ गया है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को होने वाले उनके कार्यक्रम से पहले कुछ गानों को लेकर आपत्ति जताई गई। चंडीगढ़ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेन्नावर ने दिलजीत से चार गाने नहीं गाने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ये गाने कॉन्सर्ट में गाए गए तो वह गुजरात हाई कोर्ट में अदालत की अवमानना की याचिका दायर कर सकते हैं।
यह भी पढे : Akshay Kumar-Amruta Fadnavis की देशभक्ति परफॉर्मेंस वायरल, Global Peace Honours 2026
इन चार गानों पर जताई गई आपत्ति
डॉ. धारेन्नावर ने जिन गानों पर आपत्ति जताई है, उनमें ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्छो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा’ शामिल हैं। उनका आरोप है कि इन गानों के बोल शराब, नशीले पदार्थों और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। उनका मानना है कि इससे बच्चों और युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।
पहले भी उठ चुकी है रोक लगाने की मांग
इससे पहले अहमदाबाद की जिला बाल संरक्षण इकाई ने भी पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर इन गानों पर रोक लगाने का अनुरोध किया था। पत्र में कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने और बुलेट बेल्ट जैसे प्रतीकों का इस्तेमाल नहीं करने की भी मांग की गई थी।
डॉ. धारेन्नावर ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के 2019 के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों का मंच पर प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर दिलजीत इन गानों को कॉन्सर्ट में पेश करते हैं तो वह कानूनी कदम उठाएंगे।











