सोशल संवाद/चक्रधरपुर: राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के मार्गदर्शन में संचालित प्रोजेक्ट जागृति के तहत बुधवार को अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
यह भी पढे : जर्जर टाटानगर आरओबी का पूजा से पहले होगा दुरुस्त
रक्तदान शिविर में जन वितरण प्रणाली (PDS) के डीलरों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, शिक्षकों, रोजगार सेवकों, पंचायत सचिवों सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर एवं अनुमंडल चिकित्सा पदाधिकारी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र, कॉफी मग और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा, “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।”
शिविर के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित और पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
आयोजन ने समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने के साथ लोगों को जनहित के ऐसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।











