सोशल संवाद / रांची : जेपीएससी परीक्षा धांधली मामले के कथित सरगना अभय कुमार तिवारी से सीआईडी अब जेल में ही दो दिनों तक पूछताछ करेगी। इसके लिए जांच एजेंसी को अदालत से अनुमति मिल गई है। सीआईडी के जांच अधिकारी ने अदालत में आवेदन देकर अभय तिवारी से जेल में पूछताछ करने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने आवेदन स्वीकार करते हुए दो दिनों तक पूछताछ की इजाजत दे दी है।
यह भी पढे : 15 दिनों में कृषि यंत्र लगाना सुनिश्चित करें
परीक्षा धांधली मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए तथ्य और सबूत सामने आ रहे हैं। हाल ही में इस मामले के एक आरोपी ने पूछताछ के दौरान ऐसा बयान दिया है, जिसके आधार पर अभय तिवारी से पूछताछ करना जरूरी हो गया है। आरोपी के बयान में सामने आए तथ्यों की पुष्टि और पूरे परीक्षा धांधली नेटवर्क की भूमिका स्पष्ट करने के लिए सीआईडी अभय तिवारी से सवाल-जवाब करेगी। सीआईडी को उम्मीद है कि पूछताछ से अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।











