सोशल संवाद/जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत कार्रवाई करते हुए स्टील एक्सप्रेस में महिला यात्री की सोने की चेन चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।
यह भी पढे : रक्षाबंधन पर खान सर को छात्रों ने बांधी राखी, अनाथालय खोलने का किया ऐलान
मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया निवासी सुनीता वर्मा 24 अगस्त को स्टील एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनके लेडिस पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई थी। घटना के संबंध में उन्होंने 28 अगस्त को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर RPF टाटानगर एवं GRP टाटानगर की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान टाटानगर स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई।
पहचान होने के बाद संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में छापेमारी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान भगवान चौधरी (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कोटशीला का रहने वाला बताया गया है।बरामद सोने की चेन का वजन 4.830 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।









