सोशल संवाद / जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) को बंद करने की घोषणा के बाद शहर के फुटबॉल प्रेमियों में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में सोमवार को रेड माइंस फ्रेंड्स क्लब के बैनर तले बड़ी संख्या में फुटबॉल खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
यह भी पढे :Jamshedpur FC News: JFC बंद होने पर टाटा स्टील की पहली प्रतिक्रिया, कहा- यह रणनीतिक फैसला, वित्तीय गड़बड़ी से कोई संबंध नहीं
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर टाटा स्टील के फैसले का विरोध किया और कंपनी प्रबंधन से जेएफसी को दोबारा शुरू करने की मांग की। उनका कहना था कि जमशेदपुर फुटबॉल क्लब केवल एक टीम नहीं, बल्कि शहर की पहचान और हजारों युवाओं के सपनों का प्रतीक है। क्लब ने राष्ट्रीय स्तर पर जमशेदपुर को नई पहचान दिलाई और कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।
रेड माइंस फ्रेंड्स क्लब के सदस्यों ने कहा कि जेएफसी के बंद होने से स्थानीय खिलाड़ियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शहर में फुटबॉल की समृद्ध परंपरा रही है और टाटा स्टील ने वर्षों से इस खेल को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में क्लब को बंद करने का फैसला खेल और खिलाड़ियों के हित में नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान क्लब के सदस्यों ने टाटा स्टील से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने और जमशेदपुर फुटबॉल क्लब का संचालन फिर से शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो शहर के फुटबॉल प्रेमी चरणबद्ध तरीके से अपना आंदोलन आगे बढ़ाएंगे।
प्रदर्शन के अंत में सभी ने एकजुट होकर जेएफसी को बचाने का संकल्प लिया और उम्मीद जताई कि टाटा स्टील शहरवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगी।









