सोशल संवाद / डेस्क : असम में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन के नजदीक कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कई यात्री घायल हुए हैं। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढे : जमशेदपुर: अर्जुन मुंडा के आवास पर काली पूजा का भव्य महाप्रसाद, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
यह हादसा 11 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6:54 बजे कामरूप (मेट्रो) जिले में हुआ। ट्रेन मिजोरम के सैरंग से कोलकाता की ओर जा रही थी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। वहीं, शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में छह से सात डिब्बों के बेपटरी होने की जानकारी सामने आई है।
राहत और बचाव कार्य शुरू, रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि घटना सुबह करीब 6:54 बजे हुई। उन्होंने शुरुआती जानकारी में किसी की मौत की पुष्टि नहीं होने की बात कही थी।
सात घायल यात्रियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में सात यात्री घायल हुए हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, रेलवे की शुरुआती आधिकारिक जानकारी और मीडिया रिपोर्टों में घायलों की संख्या को लेकर अंतर है। यात्रियों की स्थिति और हादसे में हुए नुकसान का विस्तृत ब्योरा जुटाया जा रहा है।
दूसरी ट्रेन से यात्रियों को भेजने की तैयारी
हादसे के बाद प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही राहत ट्रेन को भी घटनास्थल पर भेजा गया। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल परिचालन सामान्य करने का काम शुरू किया गया है। इस हादसे के कारण आसपास के रेल मार्गों पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।
फिलहाल रेलवे अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।











