सोशल संवाद/डेस्क : अगले महीने 12 जून से इंग्लैंड में होनेवाले महिला टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी गयी है. पिछले साल भारत को वनडे वर्ल्ड कप दिलानेवाली कप्तान हरमनप्रीत कौर को टीम की कमान सौंपी गयी है.

यह भी पढे : 15 साल के वैभव का धमाका, बुमराह पर छक्के जड़ राजस्थान ने मुंबई को दी करारी शिकस्त
वहीं, स्मृति मंधाना उपकप्तान बनायी गयी हैं. टूर्नामेंट में भारत अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ 14 जून को बर्मिंघम में करेगा. भारत को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका,बांग्लादेश और नीदरलैंड के साथ रखा गया है.
शनिवार को घोषित टीम में पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली 11 खिलाड़ियों को जगह मिली है. पंजाब की नंदनी शर्मा को पहली बार वर्ल्ड कप में चुना गया है. विकेटकीपर बल्लेबाज यस्तिका भाटिया को भी टीम में शामिल किया गया है. वहीं, प्रतिका रावल को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि ऑलराउंडर अमनजोत कौर चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना पायीं.
भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, यस्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, श्रेयांका पाटिल और राधा यादव.









