हर्ष मल्होत्रा का राहुल गांधी पर तीखा हमला: बोले- “झारखंड में छात्र दमन से राहुल का नकारात्मक चेहरा हुआ बेनकाब”

By Sanjana Das

Published :

Follow

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज राहुल गांधी अराजकता, झूठ और विरोधाभासी राजनीति के प्रतीक बन गए हैं। हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी और पूरे विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे संसद में युवा आंदोलन से लेकर देश के हर विषय पर चर्चा करें, लेकिन चर्चा से भागें नहीं और संसद को बाधित न करें। उन्होंने कहा कि कल झारखंड की कांग्रेस समर्थित हेमंत सोरेन सरकार द्वारा छात्र आंदोलन पर किए गए हिंसक दमन ने राहुल गांधी का दोहरा चरित्र देश के युवाओं के सामने बेनकाब कर दिया है।

उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि वे बताएं कि कांग्रेस की बैसाखी पर टिकी हेमंत सोरेन सरकार को वे कब गिराएंगे, या फिर देश यह माने कि झारखंड में छात्रों पर हुआ दमन कांग्रेस की सहमति से हुआ था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष संविधान की किताब जेब में लेकर घूमता है, लेकिन उसी की अवहेलना करते हुए न सिर्फ संसद में चर्चा से भाग रहा है, बल्कि सदन को हाईजैक करने का प्रयास कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने दो वरिष्ठ मंत्रियों को छात्र नेताओं से बातचीत के लिए लगाया था और उनकी सभी मांगें स्वीकार कर न केवल छात्र आंदोलन समाप्त कराया, बल्कि विपक्ष के असहयोग के बावजूद संसद में ‘परीक्षा पत्र लीक पर सख्त कार्रवाई का कानून’ भी पारित कराया।

उन्होंने यह भी कहा कि संसदीय कार्य मंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हर विषय पर सदन में बहस के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन राहुल गांधी अपनी हठधर्मिता के चलते संसद को बाधित कर रहे हैं क्योंकि उन्हें महत्वपूर्ण सरकारी बिलों को रोकना है। झारखंड में छात्रों के साथ जो अमानवीयता बरती गई है, उसके लिए देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।

अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि राहुल गांधी, कांग्रेस और अधिकांश विपक्ष जिस असंसदीय व अराजक रास्ते पर चल रहे हैं, वे यह समझ लें कि वर्ष 2029 उनके राजनीतिक सफाए का वर्ष होगा, जिसका मुख्य माध्यम देश की युवा पीढ़ी (Gen Z) बनेगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया, जिसमें प्रदेश मंत्री गौरव खारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी, मीडिया रिलेशन प्रमुख शुभेन्दू शेखर अवस्थी और प्रवक्ता यासिर जिलानी भी उपस्थित रहे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version