सोशल संवाद/डेस्क : अगर आपके घर या दुकान का इंटरनेट या केबल तार बिजली के खंभे पर लगा है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने बिजली के खंभों पर लगाए गए केबल और तारों को लेकर सख्ती शुरू करने का फैसला किया है।

यह भी पढे : रामगढ़ में जंगली हाथियों का आतंक, धान की फसल पर मंडराया खतरा; ग्रामीणों में दहशत
JBVNL के अनुसार, बिजली के खंभों पर लगे केबल को जमीन से कम से कम 12 फीट की ऊंचाई पर रखना जरूरी होगा। इससे कम ऊंचाई पर लटक रहे तारों को हटाया जाएगा। विभाग का कहना है कि कम ऊंचाई पर लटकने वाले तारों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है और सड़क पर आने-जाने वालों को भी परेशानी होती है।
विभाग की ओर से अगले सप्ताह से अभियान चलाकर बिजली के खंभों पर लगे अवैध और नियमों का पालन नहीं करने वाले तारों को हटाया जाएगा। इस दौरान ऐसे केबल भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे, जो बिना अनुमति बिजली के खंभों पर लगाए गए हैं।
JBVNL ने केबल ऑपरेटरों और संबंधित एजेंसियों को अपने तारों की जांच कर उन्हें तय ऊंचाई पर करने की सलाह दी है। विभाग का उद्देश्य बिजली के खंभों के आसपास तारों के बेतरतीब जाल को कम करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ऐसे में अगर आपके इलाके में बिजली के खंभे पर इंटरनेट या केबल का तार लगा है, तो समय रहते उसकी ऊंचाई और वैध अनुमति की जांच कर लेना बेहतर होगा।









