सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि JTET-2024 के ऐसे अभ्यर्थी, जिनका पंजीकरण के समय दर्ज मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी अब बदल चुका है या सक्रिय नहीं है, उन्हें आवेदन से पहले Candidate Validation Process पूरा करना अनिवार्य होगा।
यह भी पढे :मानगो में पंद्रह स्थानों पर बनेगी पार्किंग
JAC के अनुसार, बिना सत्यापन प्रक्रिया पूरी किए अभ्यर्थी JTET-2026 के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे।
1 अगस्त से शुरू होगी सत्यापन प्रक्रिया
परिषद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 1 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन Candidate Validation Process चलेगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना नया मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी ओटीपी (OTP) के माध्यम से सत्यापित करना होगा।
इसके बाद अभ्यर्थियों को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भी अपडेट करनी होगी।
100% मिलान होने पर ही मिलेगा आवेदन का मौका
JAC ने साफ किया है कि अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज की गई जानकारी का मिलान JTET-2024 के पंजीकरण रिकॉर्ड से किया जाएगा। यदि दोनों रिकॉर्ड 100 प्रतिशत मेल खाते हैं, तभी उम्मीदवार को JTET-2026 के लिए आवेदन करने की अनुमति मिलेगी।
यदि जानकारी में कोई विसंगति पाई जाती है, तो आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
20 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन
सत्यापन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने वाले अभ्यर्थी 20 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।परिषद ने इसे आवेदन का अंतिम अवसर बताया है और कहा है कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार के अनुरोध या संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा।
JAC की अभ्यर्थियों को सलाह
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही आवेदन से पहले अपने सभी दस्तावेज और जानकारी की जांच भी कर लें, ताकि आवेदन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।जो अभ्यर्थी JTET-2026 में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य है। इसलिए समय सीमा के भीतर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना बेहद आवश्यक होगा।









