सोशल संवाद/डेस्क : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद वह शहीद चौक स्थित शहीद स्थल पर ध्वजारोहण के लिए रवाना हुए।
यह भी पढे : JPSC-JSSC आंदोलन के बीच नया विवाद, देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से तिरंगा यात्रा में जाने की नहीं मिली अनुमति
इस दौरान रांची में चल रहे छात्र आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने मुख्यमंत्री के काफिले के रूट में बदलाव किया।
सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। इसी वजह से पुलिस ने एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री के काफिले के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया।
मुख्यमंत्री का काफिला मोरहाबादी मैदान से कचहरी चौक और न्यूक्लियस मॉल होते हुए शहीद चौक पहुंचा। शहीद स्थल पर ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री इसी रास्ते से वापस लौटे।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रूट में बदलाव का फैसला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लिया गया था। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर किसी भी तरह की असुविधा या व्यवधान से बचने के लिए यह कदम उठाया गया।
शहर में रही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के साथ-साथ छात्र आंदोलन को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया था।
एक ओर मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का उत्साह था, तो दूसरी ओर छात्र आंदोलन के बीच प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा।









