सोशल संवाद / जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम में सड़क सुरक्षा, अवैध खनन और नशे के खिलाफ सख्ती को लेकर सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में डीसी राजीव रंजन की अध्यक्षता में तीन महत्वपूर्ण बैठकों (हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स, जिला खनन टास्क फोर्स और एनकॉर्ड) का आयोजन किया गया। इन बैठकों में बुनियादी ढांचे के काम में तेजी लाने, नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करने और जन-जागरूकता बढ़ाने पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।
यह भी पढे : घाघीडीह जेल में दो घंटे चली छापेमारी, मोबाइल-सिम नहीं मिले
इन बैठकों में एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब, धालभूम एसडीओ अर्णव मिश्रा, घाटशिला एसडीओ अमिताभ भगत, डीटीओ महेश्वरी प्रसाद यादव, ट्रैफिक डीएसपी नीरज, डीएफओ सबा आलम अंसारी, एडीएम मुकेश मच्छुआ, पटमदा डीएसपी दयानंद साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े रहे।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा में सामने आया सितंबर 2026 में जिले में 23 सड़क दुर्घटनाएं हुई। इनमें 20 लोगों की जान चली गई और 6 घायल हुए। अधिकतर हादसों के पीछे चालकों की लापरवाही, यातायात नियमों की अनदेखी और दोपहिया चालकों का हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण रहा। अब तक नियमों के उल्लंघन पर 210 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और 1416300 रुपए जुर्माना वसूला गया है।
अवैध खनन पर 1.31 करोड़ जुर्माना, गुड़ाबांदा में होगी जांचः
जिला खनन टास्क फोर्स की समीक्षा में बताया गया- मौजूदा वित्त वर्ष में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ 17 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। 108 वाहन जब्त कर 13179000 रुपए जुर्माना वसूला गया है। 26 अक्टूबर से 22 नवंबर के बीच चलाए गए विशेष अभियान में 5 हाइवा, 136 टन बालू और 16 टन पत्थर जब्त किए गए। गुड़ाबांदा क्षेत्र में बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों पर डीसी ने जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक को सघन जांच अभियान चलाकर सत्यापन करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बालू घाटों, परिवहन मार्गों और भंडारण स्थलों पर दस्तावेजों की नियमित जांच व निगरानी जारी रहेगी।











