Jharkhand Assembly Bomb Threat: विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, FIR दर्ज; BDS ने की जांच

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Jharkhand Assembly Bomb Threat

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / रांची : झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया। मामले में विधानसभा थाना में FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति ने विधानसभा के कुछ कर्मचारियों को फोन कर कथित तौर पर विधानसभा नहीं आने की चेतावनी दी थी।

यह भी पढ़े : एमजीएम दूसरे वार्ड में भी रखे जाएंगे मेडिसिन के मरीज

धमकी की जानकारी पुलिस को 20 अगस्त को मिली। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विधानसभा परिसर की सुरक्षा जांच कराई।

बम निरोधक दस्ते ने विधानसभा परिसर की ली तलाशी

धमकी मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते (BDS) को विधानसभा परिसर भेजा गया। टीम ने परिसर के अलग-अलग हिस्सों और संभावित संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान में जुटी है।

जिस नंबर से आया फोन, उसे ट्रेस करने में जुटी पुलिस

पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की जांच कर रही है, जिससे विधानसभा कर्मचारियों को धमकी भरा फोन आया था। तकनीकी जांच के जरिए कॉल करने वाले व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी देने के पीछे क्या मकसद था।

रांची के कई सरकारी संस्थानों को मिल चुकी है धमकी

रांची में इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। इनमें सिविल कोर्ट, डीसी कार्यालय और पासपोर्ट कार्यालय जैसे संस्थान शामिल हैं। इन मामलों में भी सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। हालांकि, अधिकांश मामलों में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

विधानसभा को धमकी के बाद सुरक्षा पर सवाल

झारखंड विधानसभा राज्य का एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है। ऐसे में फोन के जरिए विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच का मुख्य फोकस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके पीछे की वजह का पता लगाने पर है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version