सोशल संवाद / डेस्क : Jharkhand Blood on Call Service: झारखंड में मरीजों और घायलों को अब ब्लड के लिए अलग-अलग अस्पतालों और ब्लड बैंकों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राज्य में जल्द ही ‘एक कॉल पर रक्त’ सेवा शुरू होने जा रही है। इस व्यवस्था के तहत जरूरतमंद मरीजों को कॉल करने के बाद चार घंटे के भीतर रक्त उपलब्ध कराने की योजना है।
यह भी पढे : Jharkhand Weather Alert: झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश का अलर्ट; 18 सितंबर तक Orange Alert
तीन महीने में शुरू होगी नई व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक यह सेवा अगले तीन महीने के भीतर शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग और एमएस साइंस कंपनी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। कंपनी को रक्त संग्रह से लेकर अस्पताल तक रक्त पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी और निजी अस्पतालों में जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और मरीजों के परिजनों को होने वाली परेशानी को कम करना है।
रांची में बनेगा कमांड सेंटर
पूरी सेवा का संचालन रांची स्थित कमांड सेंटर से किया जाएगा। मरीजों के लिए जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा। कॉल मिलने के बाद संबंधित जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
कंपनी को ब्लड कलेक्शन, जांच, स्टोरेज, रखरखाव और संबंधित अस्पताल तक सुरक्षित तरीके से रक्त पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
रक्तदान शिविर भी लगाएगी एजेंसी
नई व्यवस्था के तहत रक्त की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कंपनी खुद रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगी। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ NCC, NSS, पुलिस बल और निजी रक्तदान शिविरों के माध्यम से भी रक्त संग्रह बढ़ाने की योजना है। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तकनीकी सहयोग दिया जाएगा, जबकि मैनपावर और अन्य व्यवस्थाएं एजेंसी द्वारा की जाएंगी।
बिना जांच के रक्त नहीं चढ़ाया जाएगा
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सेवा की शुरुआत से जुड़े कार्यक्रम में कहा कि रक्त की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार होना जरूरी है। उन्होंने चाईबासा की एक पुरानी घटना का उल्लेख करते हुए बिना जांच किए रक्त चढ़ाने से बचने पर जोर दिया।










