सोशल संवाद / डेस्क : कर्नाटक के प्रसिद्ध गोकर्ण समुद्र तट पर घूमने गया बेंगलुरु के आईटी पेशेवरों का एक दल रविवार सुबह दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। समुद्र में नहाने के दौरान तेज लहरों और पानी के तेज बहाव में फंसने से जमशेदपुर की 22 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शोभा दास और उनके टीम लीडर मोहम्मद अकरम की मौत हो गई। वहीं, दल का एक अन्य सदस्य विश्वा अब भी लापता है। इस घटना की खबर मिलते ही जमशेदपुर में शोभा के परिवार में मातम छा गया है।
यह भी पढ़े : Diesel में 15% आइसोब्यूटेनॉल! नितिन गडकरी ने बताया भारत का नया फ्यूल प्लान
नहाने के दौरान अचानक उठीं ऊंची लहरें
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे शोभा दास समेत पांच लोग समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान समुद्र में अचानक छह से आठ फीट ऊंची लहरें उठने लगीं। तेज अंडरकरंट के कारण सभी लोग अपना संतुलन खो बैठे और गहरे पानी की ओर बहने लगे।
बताया गया कि बेंगलुरु के बेलंदूर स्थित अलोरिका इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाले 16 सहकर्मी वीकेंड मनाने गोकर्ण पहुंचे थे। कंपनी से बोनस और इंसेंटिव मिलने की खुशी में सभी ने घूमने का कार्यक्रम बनाया था। पूरा दल समुद्र तट के पास एक रिजॉर्ट में ठहरा हुआ था।
मछुआरों और लाइफगार्ड ने चलाया बचाव अभियान
समुद्र में लोगों को डूबता देखकर तट पर मौजूद अन्य सहकर्मियों ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय मछुआरे और लाइफगार्ड तुरंत बचाव के लिए पहुंचे। रस्सियों और लाइफबॉय की मदद से चार लोगों को समुद्र से बाहर निकाला गया। इनमें शोभा दास, मोहम्मद अकरम, निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम शामिल थे। हालांकि, पांचवां साथी विश्वा तेज बहाव में लापता हो गया।
अस्पताल पहुंचने पर शोभा की मौत, रास्ते में अकरम ने तोड़ा दम
रेस्क्यू के बाद शोभा दास और मोहम्मद अकरम को तत्काल गोकर्ण के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शोभा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अकरम को बेहतर इलाज के लिए मणिपाल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम का इलाज जारी है।
लापता विश्वा की तलाश में जुटी टीमें
उत्तर कन्नड़ के एसपी दीपन एमएन के अनुसार, लापता युवक विश्वा एके की तलाश के लिए तटीय सुरक्षा पुलिस, स्थानीय तैराकों और दमकल विभाग की टीमों को लगाया गया है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए कारवार मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं। पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया है।
जमशेदपुर में शोभा के परिवार में मातम
हादसे की सूचना जमशेदपुर में रहने वाले शोभा दास के परिजनों को दे दी गई है। खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन कर्नाटक के लिए रवाना हो गए हैं। महज 22 साल की उम्र में शोभा की इस दर्दनाक मौत से परिवार और परिचितों में गहरा दुख है। फिलहाल समुद्र में लापता युवक की तलाश जारी है।











