सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ गई है, वहीं खुले इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा।
यह भी पढ़ें: ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का भरोसेमंद नया ठिकाना बना पुरुलिया का दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्यवासियों को ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। खासकर उत्तर और मध्य झारखंड के इलाकों में ठंडी हवाओं का असर अधिक रहेगा। विभाग ने राज्य के 7 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। लगातार गिरते तापमान के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई जगहों पर लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए।
ठंड बढ़ने से सामान्य जनजीवन के साथ-साथ यातायात पर भी असर पड़ रहा है, खासकर सुबह के समय कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं और साफ आसमान की वजह से तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे गर्म कपड़े पहनें, अनावश्यक रूप से सुबह-शाम घर से बाहर न निकलें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।










