सोशल संवाद / डेस्क : बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने रक्षाबंधन के मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव के साथ चल रहे सार्वजनिक विवाद को खत्म करने के संकेत दिए हैं। बाबा रामदेव की ओर से सुलह की पहल किए जाने के बाद कंगना ने उनका भेजा हुआ उपहार और मिठाई स्वीकार कर ली। उन्होंने बाबा रामदेव को अपना ‘बड़े भाई’ बताते हुए कहा कि त्योहार के मौके पर पुरानी बातों को भूल जाना चाहिए।
यह भी पढ़े : जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप, बालू कारोबार को लेकर उठाए सवाल
दरअसल, पिछले दिनों कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच सोशल मीडिया और सार्वजनिक बयानों के जरिए जुबानी जंग देखने को मिली थी। विवाद उस समय बढ़ा जब बाबा रामदेव ने कंगना की ‘Gen-Z’ को लेकर की गई टिप्पणी पर निशाना साधा था। इसके बाद कंगना ने भी बाबा रामदेव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
रक्षाबंधन के अवसर पर बाबा रामदेव ने विवाद को आगे नहीं बढ़ाने की पहल की। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए और देश में किसी भी वजह से नफरत या दुश्मनी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कंगना को अपनी बहन बताते हुए उनके लिए राखी, मिठाई और उपहार भेजने की बात कही।
बाबा रामदेव की इस पहल पर कंगना ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि त्योहार गलतियों को भूलने और पुरानी बातों को पीछे छोड़ने के लिए होते हैं। कंगना ने बाबा रामदेव के संदेश को स्वीकार करते हुए उनके प्यार और मिठाई के लिए धन्यवाद दिया और उनकी लंबी उम्र की कामना की।
कंगना की इस प्रतिक्रिया के बाद दोनों के बीच चल रहा विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है। रक्षाबंधन के मौके पर हुई यह सुलह सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।









