सोशल संवाद / नीमडीह (सरायकेला-खरसावाँ) : जिले के आम नागरिकों को परिवहन विभाग की सेवाएं प्रखंड स्तर पर ही सुगमता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार पहल कर रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को नीमडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) शिविर का आयोजन किया गया।

यह भी पढे : E25 Petrol Update: 25% एथेनॉल वाला पेट्रोल फिलहाल नहीं होगा लागू? जानिए सरकार ने क्यों टाला फैसला
शिविर का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) सहित जिला परिवहन कार्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। शिविर में पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक करा चुके अभ्यर्थियों की लर्नर लाइसेंस से संबंधित सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के तहत पूरी कराई गईं।
शिविर के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा कंप्यूटर आधारित लर्नर लाइसेंस परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस व्यवस्था से आवेदकों को जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें अपने ही प्रखंड में सुविधाजनक तरीके से सेवा का लाभ मिला। जानकारी के अनुसार, शिविर के लिए कुल 130 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। इनमें से 81 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल रहे, जबकि 18 अभ्यर्थी असफल हुए। वहीं 31 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन परिवहन विभाग की सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपने प्रखंड स्तर पर ही आवश्यक सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग परिवहन विभाग की सेवाओं का लाभ उठा सकें।










